कठुआ जिले की बिलावर तहसील के मल्हार गांव में सुबह तड़के गोलियों की तड़तड़ाहट ने दहशत फैला दी। आतंकी हमला सोचकर सभी लोग घरों में दुबक गए।
करीब आधा घंटा बाद फायरिंग बंद होने पर पता चला कि गांव स्थित सीआरपीएफ की पोस्ट पर संदिग्ध दिखने की सूचना पर गलती से एक जवान ने फायरिंग कर दी।
अन्य जवानों ने समझा कि आतंकी हमला हो गया। उन्होंने भी फायरिंग शुरू कर दी। इसी में एक सीआरपीएफ जवान घायल हो गया। घायल जवान को हेलीकाप्टर से इलाज के लिए जम्मू लाया गया।
जानकारी पाकर मौके पर पहुंचे सीआरपीएफ के एडीजीपी सुरेंद्र भगत एवं स्थिति का जायजा लिया। कुछ देर बाद ही स्पष्ट हो गया कि सुबह एक जवान ने कोई संदिग्ध हलचल देखने पर गलती से फायर कर दिया था।
सीआरपीएफ ने किसी भी प्रकार के आतंकी हमले से इंकार किया है। मौके पर पहुंचे एडीजीपी ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं। डीआईजी जम्मू-कठुआ रेंज (रियासत पुलिस) अशकूर वानी और सीआरपीएफ के पीआरओ स्वर्ण सिंह का कहना है कि सीआरपीएफ पोस्ट पर कोई आतंकी हमला नहीं हुआ।