पाटा चुंगी वाइन फैक्टरी के नजदीक एक प्रेमी जोड़े ने कार को भगाते हुए सैर कर रही एक महिला को कुचल लिया। इस दर्दनाक हादसे में तालाब तिल्लो, बोहड़ी निवासी स्वर्ण लता (45) की जीएमसी में मौत हो गई। घटना बुधवार को दोमाना थाना के अंतर्गत देर रात पाटा बोहड़ी में हुई।
घटना के बाद से कार चालक फरार है। पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज कर लिया है। गिरफ्तारी के लिए जानीपुर स्थित उसके घर में छापामारी की गई, लेकिन आरोपी वहां से घर छोड़ कर जा चुका है। पुलिस छानबीन में जुटी है।
जानकारी के मुताबिक स्वर्ण लता एक अन्य महिला और दो बच्चों के साथ बुधवार की रात को पाटा बोहड़ी इलाके में सैर कर रही थी। उसी समय पीछे से एक कार नंबर (जेके 02 बीजी 7172) तेजी के साथ आई और उसने स्वर्ण लता को टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक कार सहित भाग निकला।
हादसे में स्वर्ण लता को गंभीर चोट आई। परिवार के लोगों ने उन्हें जीएमसी में भर्ती करवाया। देर रात दो बजे महिला की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि कार में एक प्रेमी जोड़ा बैठा था। जैसे ही इलाके कुछ लोगों ने उन्हें पकड़ना चाहा। आरोपी ने कार बहुत तेजी के साथ वहां से भगाई और इलाके में से बाहर निकलने के चक्कर में महिला को टक्कर मार दी।
लोगों ने पीछे भागकर कार का पीछा कि या, लेकिन आरोपी कार लेकर बहुत दूर निकल गया। पुलिस के मुताबिक कार का नंबर उनके पास है। नंबर की जांच में कार मालिक के घर के बारे में पता चलने पर जानीपुर स्थित उसके घर के पते पर छापामारी की गई।
लेकिन पता चला कि आरोपी वहां से पहले ही अपना घर छोड़कर कहीं ओर जा चुका था। पुलिस की ओर से छापामारी जारी है। केस दर्ज कर लिया गया है। महिला के शव का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिवार के हवाले कर दिया गया है।