अरनिया कसबे में बुधवार को पराली से भरे एक वाहन में आग लगने से अफरा तफरी मच गई। जब तक आग पर काबू पाया गया तब तक वाहन जलकर राख हो गया था। वहीं हादसे में वाहन सवार सभी लोग बाल बाल बच गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गुज्जर समुदाय के लोग सीमावर्ती गांव कोटली काजियां के खेतों से एक वाहन में पराली भरकर ले जा रहे थे। लेकिन जैसे ही वाहन खेत से बाहर निकला वैसे ही ऊपर से गुजरे बिजली के तार से निकली चिंगारी पराली पर आ गिरी और आग लग गई।
जैसे ही वाहन सवार लोगों की नजर आग पर पड़ी उन्होंने वाहन से उतर कर अपनी जान बचाई। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। मौके के पर मौजूद लोगों ने तुरंत मामले की सूचना फायर ब्रिगेड को को दी।
जब तक फायर ब्रिगेड की गाड़ी ने मौके पर पहुंच कर आग पर काबू तब तक पूरा वाहन जलकर राख हो गया था। वहीं वाहन चालक मोहम्मद मुश्ताक ने बताया कि वे अपने मवेशियों के लिए पराली को ले जा रहे थे लेकिन वाहन में आग लगने से उनका भारी नुकसान हो गया।
गौरतलब है कि कंबाइन से धान की कटाई के बाद खेतों में पराली बच जाती है। जिन्हें लोग अपने मवेशियों के खाने के लिए ले जाते हैं।