जिले के कोटरंका पुलिस थाने में 14 वर्षीय छात्रा ने दो सगे भाइयों पर उसे अगवा कर बलात्कार करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर दोनों आरोपी भाइयों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। जानकारी के अनुसार, पीड़ित छात्रा ने पुलिस थाने में अपने पिता के साथ जाकर रिपोर्ट दर्ज करवाई।
पुलिस को बताया कि 29 दिसंबर को जब वह स्कूल से घर आ रही थी तो दो सगे भाइयों ने उसे जबरदस्ती एक कार में बैठा लिया। वह दोनों को पहले से जानती भी थी। दोनों भाई उसे किसी अनजान स्थान पर ले गए और दवा खिला कर बेहोश कर दिया। उसे जब होश आया तो वह नग्न अवस्था में थी।
पीड़ित छात्रा ने पुलिस को बताया कि दोनों भाइयों ने होश में आने के बाद भी उसके साथ कई बार दुष्कर्म किया। उसे धमकी भी दी कि यदि किसी के आगे मुंह खोला तो मौत के घाट उतार देंगे। इसके बाद वह उसे वहीं छोड़ कर भाग निकले। किसी तरह वह घर पहुंची और सारी आप बीती परिवार को बताई।
पीड़िता के पिता ने पुलिस को बताया कि वह किसी तरह छिप कर पुलिस में रिपोर्ट दर्ज करवाने पहुंचे हैं। एसएचओ के अनुसार, मेडिकल जांच के बाद छात्रा को परिवारवालों को सौंप दिया गया है।