होली ने किसी की जिंदगी में रंग भर दिया तो किसी की जिंदगी हमेशा के लिए बेरंग कर दी। जम्मू के रेलवे स्टेशन से चंद मीटर दूरी पर होली खेल रहे एक मासूम बच्चे की ट्रेन के नीचे आने से मौत हो गई। शहर में कई युवा हुड़दंग मचाते हुए सड़क हादसों का शिकार होकर अस्पताल पहुंचे। बावजूद इसके युवा वर्ग हुड़दंग मचाता हुआ दिखा।
रेलवे स्टेशन जम्मू के लोको शेड के पास कुछ बच्चे होली खेल रहे थे, तभी दोपहर को करीब 3 बजे एक नौ साल का बच्चा अराफात मुनी जम्मू से कठुआ की तरफ जा रही टाटा मूरी ट्रेन की चपेट में आ गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
वह रेलवे स्टेशन के एफसीआई गोदाम के पास झोपड़ी में रहता था। जब तक उसके पास कुछ लोग पहुंचते, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। हालांकि अन्य बच्चे भी खेल रहे थे, जो मुश्किल से बचे। अराफात के मांता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल था।
वह उस पल को कोस रहे थे, जब उन्हाेंने अपने बेटे को होली खेलने के लिए भेज दिया। एक अन्य सड़क हादसे में शहर के बाग-ए-बाहु नाका के पास नरवाल के रहने वाले रमन और बबली स्कूटी की चपेट में आकर घायल हो गए। इन्हें जीएमसी अस्पताल में पहुंचाया गया है।