सरकारी स्कूल के शिक्षक पर छात्रा को छेड़ने का केस दर्ज किया गया है। सरकारी मिडिल स्कूल रतनोचक में कार्यरत शिक्षक ने स्कूल में ही छात्रा को अकेले पाकर छेड़ा।
इसके बाद मामला प्रधानाचार्य तक पहुंचा तो पुलिस को सूचित किया गया। इसकी भनक जब स्थानीय लोगों को लगी तो वह पुलिस के पहले ही स्कूल पहुंच गए। यहां शिक्षक की जमकर पिटाई की गई।
लोगों का आक्रोश इतना बढ़ गया कि आरोपी शिक्षक की जान बचाना पुलिस के लिए मुश्किल हो गया। यहां तक कि एसएचओ गंग्याल की लोगों को काबू करने के दौरान वर्दी तक फट गई।
आक्रोशित लोगों ने शिक्षक को जलाने का भी प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने मौके पर पहुंच कर स्थिति को नियंत्रित किया। गंग्याल और छन्नी पुलिस को मामला मिलकर सुलझाना पड़ा।
एसएचओ छन्नी हिम्मत सज्जाद हैदर का कहना है कि सई कलां गांव के रहने वाले शिक्षक नरिंदर सिंह के खिलाफ छेड़छाड़ करने पर धारा 354 के तहत केस दर्ज किया गया है। पीड़ित छात्रा के बयान दर्ज किए गए हैं।
आरोपी पर कार्रवाई की जा रही है। वहीं पूरे घटनाक्रम को लेकर जमकर बवाल हुआ। लोगों का गुस्सा इससे पहले कि और ज्यादा बढ़ता, पुलिस की कड़ी सुरक्षा में आरोपी शिक्षक को स्कूल से बाहर लाकर थाने पहुंचाया गया। स्थानीय लोगों ने आरोपी शिक्षक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।