श्रीनगर। क्षेत्र में अलग अलग दुर्घटनाओं में पांच लोगों की मौत हो गई। बारामूला में जहां खाई में गिरने से एक शख्श की जान चली गई वहीं पानी में डूबने से एक बच्ची सहित तीन लोगों की जान चली गई। दूसरी ओर सड़क हादसे में एक जवान की मौत हो गई जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल है।
उत्तरी कश्मीर के बारामुला जिले के उड़ी में एक शख्स की खाई में गिरने से मौत हो गई। घटना उड़ी के बोनियार गांव की है, जहां मंजूर अहमद आवां नामक व्यक्ति, जो जंगल में अपने मवेशियों की रखवाली कर रहा था, पर अचानक एक भालू ने हमला कर दिया।
मंजूर ने अपनी जान बचाने के लिए दौड़ लगाई, लेकिन पैर फिसलने से वह गहरी खाई में जा गिरा। उसे गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पैर फिसलने से पानी में समाए तीन लोग
वहीं उत्तरी कश्मीर के हंदवाड़ा और गुरेज में विभिन घटनाओं में दो लोग पानी में डूबकर मर गए। इम्तियाज अहमद गुंजल हंदवाड़ा में सरबंद बांध में नहाते समय डूब गया। बाद में पुलिस और स्थानीय लोगों ने उसके शव को बाहर निकाला।
जबकि गुरेज में मुस्तफा लोन नाम का एक शख्स किशनगंगा नदी में पैर फिसलने से डूब गया और उसका शव थोड़ी दूरी पर अचूरा गांव से निकाला गया और बाद में परिजनों को सौंप दिया गया।
दूसरी ओर उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले का रहने वाला अली अख्तर मौजूदा समय में उधमपुर के बीरमा पुल इलाके में रहता है। दस साल की उसकी बेटी मरजीना सोमवार को बीरमा नाले के पास शौच करने गई थी। वह नाले में पानी लेने गई, इसी बीच अचानक उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चली गई। जहां डूबने से उसकी मौत हो गई।
हादसे में जवान की मौत, दूसरा घायल
जानकारी के अनुसार उध्ामपुर के चोपड़ा शाप के नजदीक शाम साढ़े चार बजे जम्मू की तरफ जा रही मेटाडोर ने एक स्कूटी को टक्कर मार दी। स्कूटी पर सवार सेना के जवान की मौके पर ही मौत हो गई। उसकी पहचान तमिलनाडु निवासी बीनू लापत के रूप में हुई है।
दूसरा हादसा एमआई रूम के नजदीक हुआ। यहां तेज गति से उधमपुर आ रही एक बस ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार लांस नायक एके घोष (6 आरएमसी) गंभीर रूप से घायल हो गए। लोगों ने घायल जवान को अस्पताल पहुंचाया।
वहीं एक अन्य घटना में डोडा जिले के अंतर्गत पड़ने वाले गांव कौरडा का 16 वर्षीय युवक नीरज सिंह सपुत्र गुलाब सिंह भेड़ बकरियां चराने गया था। जहां चादर गले में लिपटने से उसकी मौत हो गई।