सेना के एक अधिकारी की बहन रोमियो फोर्स के हेडक्वार्टर में संदिग्ध परिस्थितियों में मृत पाई गई। वह बीस दिन पहले न्यूयार्क से राजोरी में अपने भाई से मिलने आई थी। उसका भाई रोमियो फोर्स में जीओसी है। पुलिस ने शव को कब्जे में लिया है। जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम कराने के बाद जांच में तेजी लाई गई है।
सेना का कोई भी अधिकारी इस घटना के बारे में बताने को तैयार नहीं है। पुलिस के मुताबिक उसे खबर मिली थी कि रविवार की सुबह करीब आठ पलमा स्थित सेना की रोमियो फोर्स के हेडक्वार्टर में जीओसी की बहन शंपा भट्टाचार्यजी (57) की मौत हो गई है।
इसके बाद शव को कब्जे में लिया गया। जिला अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डाक्टर महमूद हुसैन ने बताया कि शव के गले पर फंदे के निशान मिले हैं। चार डाक्टरों के विशेष बोर्ड ने शव का पोस्टमार्टम किया है। सैंपल जम्मू भेज दिए गए हैं।
रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का सही कारण पता चल सकेगा। पुलिस के अनुसार जीओसी की बहन 20 दिन पहले की न्यूयार्क से यहां अपने भाई से मिलने पहुंची थी। फिलहाल, संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला दर्ज कर लिया है।