थाने में युवती से बलात्कार करने के आरोप में पुलिस ने बुधवार को खौड़ के थाना प्रभारी मोहम्मद इकबाल को गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में एक महिला एसपीओ पर आरोपी की मदद करने का आरोप है। उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल कराने के साथ ही स्थानीय कोर्ट में सीआरपीसी की धारा 164 के तहत उसके बयान भी दर्ज कराए हैं। मामले की जांच की जिम्मेदारी एसडीपीओ अखनूर गुरविंदर सिंह को सौंपी गई है। उल्लेखनीय है कि इस मामले में स्थानीय लोगों ने पुलिस के खिलाफ विरोध प्रदर्शन और नारेबाजी भी की। लोगों ने आरोपी थाना प्रभारी को बर्खास्त करने की मांग की है।
एसएसपी जम्मू सुनील गुप्ता के अनुसार छह महीने पहले खौड़ थाना क्षेत्र से एक लड़की लापता हो गई थी। लड़की के परिवार वालों ने अक्तूबर में उसके अपहरण का मामला दर्ज कराया। लड़की की तलाश की गई लेकिन कुछ दिन बाद लड़की खुद एक युवक के साथ फलायं मंडाल पुलिस चौकी पहुंची।
महिला एसपीओ पर मदद करने का आरोप
प्रेस कांफ्रेंस कर जानकारी देते एसएसपी
- फोटो : Amar Ujala
चौकी से पीड़िता को थाने लाया गया। थाने में लड़की एक रात रही। पीड़िता ने बताया कि उसने एक युवक से शादी कर ली है। दोनों बालिग हैं। इसके दस्तावेज भी पुलिस को दिखाए। कानूनी औपचारिकताओं के बाद दूसरे दिन पीड़िता को उसके परिवार वालों को सौंप दिया गया।
लड़की का आरोप है कि जिस रात उसे थाने में रखा गया, उस रात थाना प्रभारी सब इंस्पेक्टर मोहम्मद इकबाल ने उसके साथ बलात्कार किया। उसको कहा कि उसका केस रफा-दफा कर दिया जाएगा। एक महिला एसपीओ ने इसमें आरोपी की मदद की। पीड़िता ने आरोप लगाया कि आरोपी थाना प्रभारी इसके बाद भी उसे तंग करता रहा।
परेशान होकर उसने एसडीपीओ अखनूर गुरविंदर सिंह से शिकायत की। एसएसपी के मुताबिक अखनूर की स्थानीय कोर्ट में पीड़िता के बयान दर्ज होते ही आरोपी थाना प्रभारी (सब इंस्पेक्टर) को हिरासत में ले लिया गया। उल्लेखनीय है कि आरोपी सब इंस्पेक्टर पहले भी जम्मू के कई महत्वपूर्ण चौकी और थानों में इंचार्ज रह चुका है। पिछले कई साल से वह जम्मू जिले के थानों में ही तैनात रहा।