डोडा पुलिस ने आत्महत्या के एक मामले का एक माह बाद खुलासा करने में सफलता पाई है। 23 अप्रैल को पुलिस को चिनाब दरिया से प्रेम नगर माला में एक महिला का शव मिला था। पुलिस ने शव के पोस्टमार्टम के बाद उसे परिवार वालों को सौंप कर जांच शुरू कर दी थी।
एसएसपी डोडा जाहिद नसीम मन्हास ने बताया कि पोस्टमार्टम की रिपोर्ट के बाद पुलिस को कुछ शक हुआ। इसके बाद मामले की छानबीन के लिए डीएसपी हेडक्वार्टर मुश्ताक अहमद शेख, एसएचओ डोडा उदय शंकर वजीर आदि लोगों की एक स्पेशल टीम गठित कर जांच शुरू की गई।
छानबीन के दौरान महिला के फोन की काल डिटेल को भी खंगाला गया। काल डिटेल से मोहम्मद शफी पुत्र अब्राहिम गुज्जर निवासी मेवा बौंजवा जिला किश्तवाड़ पर पुलिस को कुछ शक हुआ। पुलिस ने तुरंत उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की, तो उसने अपना गुनाह कबूल कर लिया।
आरोपी के अनुसार, उसका पिछले तीन-चार वर्ष से महिला के साथ अवैध संबंध था। मोहम्मद शफी ने बताया कि उसने महिला को 22 अप्रैल को खिलौनी मिलने के लिए बुलाया। उसके बाद वे प्रेमनगर पुल पार कर दूसरी तरफ चले गए। चिनाब किनारे महिला ने उससे कहा कि वह आज अपना घर-परिवार सब कुछ छोड़कर उसके पास आ गई है।
अब वह उसके साथ ही शादी कर रहेगी। शफी के मुताबिक उसने शादी से इंकार किया, तो महिला ने भी जिद पकड़ ली। इस पर अपना आपा खोते हुए शफी ने महिला के दुपट्टे से उसका गला घोंटकर उसे चिनाब दरिया में फेंक दिया।
पुलिस के मुताबिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट के मुताबिक महिला की मौत शरीर पर लगी चोट से नहीं, बल्कि गला घोंटे जाने से हुई थी। पुलिस ने एफआईआर 80/2015 यू/एस 302 के तहत मामला दर्ज किया है।