अविवाहित युवती द्वारा एक बच्ची को जन्म देने और फिर नाले में फेंकने का मामला सामने आया है। पौनीचक्क पुलिस को जब इस मामले की सूचना मिली तो नवजात को एसएमजीएस में भर्ती करवाया गया।
फिलहाल बच्ची की हालत खतरे से बाहर है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और बच्ची को जन्म देने वाली युवती की पहचान भी कर ली है।
जानकारी के अनुसार वीरवार सुबह ओम नगर गोल गुजराल में नाले में से नवजात के रोने की आवाज आई तो आने-जाने वाले वहां पर रुक गए। इस बीच किसी ने पुलिस को मामले की सूचना दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने नवजात को सुरक्षित एसएमजीएस अस्पताल में भर्ती करवाया। पुलिस ने जांच के बाद बच्ची को जन्म देने वाली युवती की पहचान कर ली है। पुलिस के अनुसार युवती बाहरी राज्य की रहने वाली है।
इन दिनों मां के साथ गोल गुजराल क्षेत्र में रहती है। मां-बेटी लोगों के घरों में कामकाज कर अपना गुजारा चलाती हैं। दोमाना थाना प्रभारी राजेंद्र शर्मा का कहना था कि पुलिस ने इस मामले में आरपीसी की धारा 317 में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।