जम्मू कश्मीर के किश्तवाड़ में पुलिस को देख ताश खेल रहे युवकों के भागने पर खाई में गिरने से एक युवक की मौत और दूसरे युवक के घायल होने के मामले ने सोमवार को तूल पकड़ लिया। गुस्साए नागरिकों ने पुलिस के खिलाफ प्रदर्शन किया। इस दौरान उनकी पुलिस से धक्कामुक्की भी हुई।
तनाव को देखते हुए कुलीद चौकी प्रभारी सिकंदर सिंह चौहान, मुंशी इखलाक अहमद और सिपाही गुलाम रसूल को सस्पेंड कर दिया गया। इस घटना में पुलिस ने धारा 304 के तहत केस भी दर्ज किया है।सोमवार की दोपहर शहर से करीब 8 किलोमीटर दूर बिंद्राबन के पास संदिग्ध हालत में एक युवक का शव पुलिस ने बरामद किया। उसे जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
वहां उसकी पहचान तौसीफ नवाज पुत्र गुलाम अब्बास निवासी मालीपेठ किश्तवाड़ के रूप में हुई। पुलिस ने जब शव का पोस्टमार्टम करवाया तो उसके बाद इस घटना ने नया मोड़ ले लिया। क्योंकि जिला अस्पताल में एक और युवक अरशद हुसैन निवासी किश्तवाड़ गंभीर हालत में भर्ती मिला। जब उसे होश आया तो उसने बताया कि वह तौसीफ सहित कुल सात लोगों के साथ बिंद्राबन के पास ताश खेल रहा था। इतने में पुलिस को आते देख सभी खाई की तरफ भागे। इस दौरान वह खाई में जा गिरा। एक और युवक शकील अहमद ने भी कुछ ऐसी ही बात बताई।