दक्षिणी कश्मीर के पुलवामा जिले में हवस का शिकार बनाने के बाद एक युवती की हत्या कर दी गई। कई दिनों बाद पुलिस के हत्थे चढ़े आरोपी ने कबूला कि युवती को गाड़ी में लिफ्ट देने के बाद उसके साथ बलात्कार कर की उसकी हत्या कर दी थी।
इस मामले में पुलिस ने शुक्रवार को तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलवामा जिले की 21 वर्ष की एक युवती को अपने परिवार के लिए रोजगार कमाना काफी महंगा पड़ा। पुलवामा जिले की एक फैक्ट्री में काम करने वाली युवती जब 26 नवंबर को देर रात तक घर नहीं पहुंची तो परिवारवालों ने तलाश शुरू की।
कोई खबर नहीं मिलने पर परिवार वालों ने काकपुरा पुलिस थाने में शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस ने जांच शुरू की गई तो पता चला कि फैक्ट्री से निकलने के बाद युवती ने किसी टिप्पर वाले से लिफ्ट ली थी। पुलवामा के एसपी तेजिंदर सिंह ने बताया कि पुलिस ने पुलवामा-पांपोर रस्ते पर चलने वाले टिप्पर वालों पर शिकंजा कसा।
इस दौरान बड़गाम जिले के कुंजरू इलाके के रहने वाले जहूर अहमद नामी टिप्पर ड्राइवर पर पुलिस का शक गहराया। पुलिस की पूछताछ में उसने कबूला कि उस रात इस युवती को गाड़ी में चढ़ाने के बाद एक निर्धारित जगह पर ले जाकर दुष्कर्म किया। जब उसने विरोध किया तो उसने रस्सी से युवती का गला दबाकर हत्या कर दी।
इसके बाद उसने अपने दो अन्य साथियों की सहायता से उसकी लाश को ठिकाने लगा दिया। एसपी के अनुसार, युवती की लाश का पोस्टमार्टम करा दिया गया हैं और मेडिकल रिपोर्ट में भी बलात्कार की पुष्टि हो गई है। उन्होंने बताया कि तीनों मुजरिमों को सलाखों के पीछे डाल दिया गया है और उनके खिलाफ मामला भी दर्ज किया गया है।