चोरों ने सूने घर में सेंघ लगा कर घर में रखे सोने के गहनों पर हाथ साफ कर दिया। मकान मालकिन उस समय बिजली का बिल जमा करने गई हुई थी। वापस आने पर उसे चोरी का पता चला। इसके बाद उन्होंने चोरी की सूचना दोमाना पुलिस को दी।
बोधराज निवासी टेर गजे सिंह पुरा जो कि दिहाड़ीदार हैं, ने बताया कि वह सुबह काम पर निकल गया। उसकी पत्नी कांता देवी बिजली का बिल जमा करवाने के लिए बैंक गई थी। घर की चाबी को घर में ही हमेशा की तरह छुपा कर रख दिया था।
साढ़े तीन बजे के करीब जब वह घर लौटी तो घर का मुख्य दरवाजा खुला हुआ था। अंदर गई तो ट्रंक का ताला टूटा हुआ पाया और उसमें से अन्य सामान को निकाल कर बिखेर दिया गया था। ट्रंक में रखे सोने के गहने चोर उड़ा ले गए थे और आर्टिफिशियल गहनों को छोड़ दिया।
चोरों ने ट्रंक का ताला तोड़ने के लिए जिस राड का इस्तेमाल किया था वह भी घर के अंदर ही पड़ी थी। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।