जम्मू शहर में दत्ता फाइनेंसर के नाम से कंपनी खोलकर 100 से अधिक लोगों की गाढ़ी कमाई डकारने वाला गुरदीप सिंह वीरवार को गिरफ्तार कर लिया गया। आठ साल से फरार गुरदीप को क्राइम ब्रांच ने पंजाब के मोहाली से पकड़ा है। उस पर 28 करोड़ की धोखाधड़ी और हत्या एवं जानलेवा हमला करने के मामले दर्ज हैं।
जम्मू के छन्नी के रहने वाले गुरदीप सिंह के खिलाफ गांधी नगर निवासी जोगिंद्र सिंह ने 2012 में गांधी नगर पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई थी। बताया कि 2011 में जम्मू के नानक नगर में आरोपी ने दत्ता फाइनेंसर के नाम से कंपनी खोली थी। कंपनी में जम्मू, श्रीनगर, बारामुला, पुंछ, सांबा और कठुआ के 100 से अधिक लोगों ने पैसे जमा कराए। कुछ समय बाद जब ये लोग पैसे मांगने के लिए कंपनी में पहुंचे तो पैसे देने से मना कर दिया गया।
पुलिस ने शिकायत की जांच क्राइम ब्रांच को दे दी थी। जांच में सामने आया कि आरोपी ने लोगों के लाखों रुपये की धोखाधड़ी की और इसका इस्तेमाल अपनी संपत्ति बढ़ाने में किया। क्राइम ब्रांच ने आरोपी को पकड़ने की कई कोशिश कीं लेकिन नाकाम रहीं। 2012 में उसे भगोड़ा घोषित कर दिया गया था।
हत्या और जानलेवा हमले का भी है केस
क्राइम ब्रांच के अनुसार गुरदीप 2010 में जम्मू के छन्नी में जानलेवा हमला करने और 1985 में बटोत में हत्या के एक मामले में भी शामिल रहा है।