वर्ष 2006 में जेएंडके कल्चरल अकादमी, आर्ट एंड लैंगुएज में अवैध नियुक्तियों का मामला सामने आया है। विजिलेंस आर्गनाइजेशन ने अकादमी के तत्कालीन सचिव रफीक अहमद मसूदी व अन्य के खिलाफ केस दर्ज किया है।
विजिलेंस के अनुसार आरोपियों ने नियमों का उल्लंघन किया और अपने पद का दुरुपयोग करते हुए चौकीदार, माली, सफाई कर्मचारी व अन्य पदों पर नियुक्तियां कीं।
विजिलेंस ने जांच में पाया कि एक माली के लिए 22 सितंबर 2003 को विज्ञापन निकाला गया। जांच में पाया गया कि 19 चौकीदारों, माली, सफाई कर्मचारियों की नियुक्तियां कर दी गईं, जबकि इसके लिए अंतिम तिथि तक एक ही व्यक्ति ने आवेदन किया था। शेष कर्मचारियों के आवेदन बाद में पाए गए और उसमें भी नियमों के अनुसार पोस्टल आर्डर नहीं पाया गया।
दो जूनियर असिस्टेंट पद पर दस नियुक्त किए
विजिलेंस जांच में पाया गया कि साक्षात्कार कमेटी ने जो मूल्यांकन शीट तैयार की थी, उसमें कुछ नामों पर ओवर राइटिंग थी। एक चयनित कर्मचारी का मूल्यांकन शीट में नाम तक दर्ज नहीं था। एक कर्मचारी रियासत का स्थायी नागरिक भी नहीं था।
जांच में पता चला कि समय पर आवेदन न करने वालों को भी लाभ दिया गया था, जबकि कुछ ने विज्ञापन के अनुसार औपचारिकताएं भी पूरी नहीं कीं। इसके अलावा जूनियर असिस्टेंट के दो पदों के लिए विज्ञापन निकाला गया, जबकि 10 आवेदकों को भर्ती कर लिया गया।
इनमें से सिर्फ तीन प्रतिभागियों ने अंतिम तिथि से पहले पोस्टल आर्डर के साथ आवेदन किया था। शेष सात ने बिना पोस्टल आर्डर के आवेदन जमा किया। कुछ प्रतिभागियों की उम्र भी न्यूनतम उम्र से ज्यादा थी।
सभी की नियुक्तियां अवैध पाई गईं और कुछ को नियमित कर दिया गया तो कुछ को ऊंचे पद पर पदोन्नत किया गया। विजिलेंस के अनुसार जांच में पाया गया कि तत्कालीन सचिव ने इसके लिए अवैध तरीके से लाभ लिया। मामले की जांच जारी है।