सख्त कानून बनने के बाद भी दहेज लोभी आज बहुओं को प्रताड़ित करने से गुरेज नहीं कर रहे हैं। दो दिन पहले सिटी थाने में महिला के पति और उससे ससुरालियों के खिलाफ दहेज मांगने और हत्या के प्रयास का केस दर्ज किया गया था।
पुलिस ने आरोपी पति दीपक गुप्ता को गिरफ्तार करके उसे रिमांड पर लिया है, जबकि अन्य ससुराल के लोग अभी तक पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। फिनायल पिलाने की घटना के बाद महिला की हालत में सुधार बताया जा रहा है।
गौरतलब है कि पहाड़ियां मोहल्ला निवासी पायल गुप्ता को उसके ससुराल वालों ने दहेज की भूख पूरी न होने पर जबरन फिनायल पिला दी थी, जिसके बाद उसकी हालत खराब हो गई थी, किसी तरह शोर मचाने पर आसपास के लोग इकट्ठा हुए तो पायल गुप्ता ने भाग कर अपनी जान बचाई।
लोगों ने महिला को अस्पताल में भर्ती करवाया। एमएलसी बनने के बाद पीसीआर से पुलिस को मैसेज गया तो सिटी थाना के जांच अधिकारी को महिला ने बयान दिया कि ससुरालियों की ओर से दहेज लाने की मांग पूरी नहीं कर पाने पर ससुरालियों ने उसकी हत्या करनी चाही है। पायल गुप्ता के मुताबिक चार साल पहले उसकी दीपक गुप्ता के साथ शादी हुई थी, उनकी एक ढाई साल की बच्ची भी है।
शादी के कुछ दिन के बाद ही ससुरालियों ने दहेज कम लाने के ताने मारने शुरू कर दिए थे, जबकि वह हर बार यही कहती रही कि पिता ने हैसियत के मुताबिक जो हो सका दे दिया, लेकिन ससुराल वालों की प्रताड़ना नहीं रुकी।
उसके साथ मारपीट भी की जाती रही है। रविवार को तो उन्होंने इंसानियत की सभी हदें पार कर दीं। उसे जबरन फिनायल पिलाकर मारने का प्रयास किया।