सैलां तालाब स्थित ओम पैलेस के पास एक घर के पूजा घर में अचानक आग लग गई। लोगों ने इसकी सूचना तुरंत दमकल विभाग को दी और स्वयं भी उसे बुझाने का प्रयास किया। दमकल विभाग की गाड़ी रास्ते में जाम में फंस गई। संयोग से लोगों ने अपने प्रयास से ही आग पर काबू पा लिया।
दोपहर 12 बजे के करीब ओम पैलेस के पास स्थित नरेश कुमार के घर में स्थित पूजा घर में रखा दीपक अचानक पलट गया, जिससे आग भड़क गई। देखते ही देखते आग पूरे पूजा घर में फैल गई।
पूजा घर लकड़ी का बना हुआ था। इससे आग जल्दी भड़कने लगी। परिवार के लोगों का शोर सुनकर पड़ोसी भी मौके पर पहुंचे और आग बुझाना शुरू किया। दमकल विभाग को भी सूचित किया।
लोगों ने मंदिर को उठाकर बरामदे पर लाया। इससे आग को और भड़ने से रोक लिया गया। गनीमत यह रही कि इस हादसे में कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ।