मंदिरों के शहर में 48 घंटों में अलग-अलग सड़क हादसों में दो महिलाओं सहित चार लोगों की मौत हो गई। शुक्रवार को रायपुर बनतालाब में मिनी बस पलटने से सतराइयां, आरएस पुरा की रहने वाली सुनीता देवी (50) ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दो बच्चों सहित दस लोग इस हादसे में घायल हुए।
पुलिस ने आसपास के लोगों की मदद से घायलों को जीएमसी में दाखिल करवाया। इनमें से एक की हालत नाजुक देखते हुए उन्हें चंडीगढ़ शिफ्ट कर दिया गया। उधर, मिनी बस का चालक घटनास्थल से फरार हो गया। बताया जा रहा है कि मेटाडोर को चालक की बजाय उसका कंडक्टर चला जा रहा था, जिस कारण यह हादसा हो गया।
शुक्रवार को रायपुर बनतालाब से जम्मू की ओर मिनी बस (जेके 02 बीएल 6307) आ रही थी, जिसमें एक दर्जन के आसपास सवारियां सवार थीं, रायपुर के नजदीक अचानक मेटाडोर अनियंत्रित हो गई और सड़क पर ही पलट गई।
इस हादसे में एक महिला सुनीता देवी की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि सुनीता देवी अपने मायके आई हुई थी और शुक्रवार को अपने घर आरएस पुरा लौट रही थी।
पुलिस ने महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए जीएमसी के शवगृह में पहुंचा दिया है।
घायलों में रायपुर बनतालाब निवासी स्मृति (19), दीपिका (29), मोनिका (21), द्वारिका दत्त (65), शशि (45), जफर अली (21), नीलम (50), सुजवाल निवासी दीपिका (11), वंशिका (9), ज्योति शर्मा (30) शामिल है। पुलिस ने मेटाडोर को सीज करके अज्ञात चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।