पूर्व सांसद लाल सिंह के पीएसओ बलराज सिंह उर्फ फिंडू ने शनिवार की रात 9 बजे शाहपुर चौक पर एक युवक को गोली मार दी। इससे पहले उसने नशे में धुत हालत में हवा में फायर भी निकाला। गोली शाहपुर बिश्नाह निवासी सुनील कुमार शर्मा उर्फ सोनू (28) के पेट में लगी।
घर नजदीक होने पर घायल अवस्था में सोनू घटनास्थल से भागा और अपने रिश्तेदारों को चिल्ला-चिल्ला कर गोली लगने के बारे में बताने लगा। शोर सुनते ही सोनू के चाचे-ताये के बेटे बाहर आए और देखा कि सोनू खून से लथपथ है। उसे बिश्नाह के उपजिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया।
वहां प्राथमिक उपचार के बाद डाक्टरों ने युवक की हालत गंभीर देखते हुए जीएमसी रेफर कर दिया। एसएसपी उत्तम चंद के मुताबिक आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास का केस दर्ज करके उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।
नशे में धुत था आरोपी, हवा में भी किया फायर
पुलिस के मुताबिक खाना खाने के बाद शाहपुर चौक निवासी सोनू इलाके में सैर कर रहा था कि तभी बलराज सिंह उर्फ फिंडू नशे में धुत हालत में आया और सोनू के साथ बदतमीजी करने लगा। ऐसा करने से मना किया तो उसने अपना रिवाल्वर निकाला और पहले हवा में फायर किया।
फिर सोनू के पेट में गोली मार दी। सोनू गंभीर रूप से घायल हो गया और वहां से भाग कर अपने घर पहुंचा। गोली चलने से इलाके में दहशत का माहौल फैल गया। आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए।
सोनू के चाचा बिमल खजूरिया और सतीश कुमार के मुताबिक आरोपी इलाके में दहशत फैलाने के लिए ऐसा करता है। पहले भी दो तीन बार वह ऐसी हरकतें कर चुका है। घायल अवस्था में सोनू को जीएमसी अस्पताल में भर्ती करवाया गया।
बेटे को गोली लगने की खबर से टूट गए पिता
यहां उसे आपरेशन थियेटर में ले जाकर उसका देर रात तक आपरेशन चलता रहा है। पुलिस के मुताबिक आरोपी पूर्व सांसद का पीएसओ है, उसे बख्शा नहीं जाएगा।
सोनू शादीशुदा है, उसके दो बच्चे हैं। पिता रमेश चंद्र को जब बेटे के पेट में गोली लगने की खबर के बारे में पता चला तो वह टूट गए। किसी के सहारे से बमुश्किल से अस्पताल की सीढ़ियां चढ़े और आपरेशन थियेटर के बाहर जमीन पर गिर गए। रिश्तेदारों ने उन्हें संभाला और बेड पर लिटाया। पिता रमेश चंद्र आरटीओ आफिस में चतुर्थ श्रेणी के मुलाजिम है।