शानदार वीआईपी कार, बढ़िया सूट बूट और जेंटलमैन लुक नशा तस्करी का नया ट्रेंड चल पड़ा है। किसी को शक न हो, इसलिए हेरोइन (चिट्टा) तस्करों ने लग्जरी कारों का इस्तेमाल नशे की तस्करी में करना शुरू कर दिया है। महंगी कारों और सूटबूट में पुलिस भी कम ही वाहनों को रोकती है।
पिछले कुछ महीनों में ऐसे कई मामले सामने आए हैं। खासकर गांधी नगर इलाके में यह चलन देखने को मिल रहा है। पुलिस ने बीएमडब्लयू जैसी कार के चालक को भी चिट्टे की तस्करी करते हुए पकड़ा है। जबकि स्विफ्ट डिजायर, आई 20, स्कारपियो जैसे महंगे वाहनों में भी तस्करों को पकड़ा है। इन वाहनों का इस्तेमाल करने वाले पुलिस को चकमा देने के लिए ऐसा कर रहे हैं।
सूत्रों का कहना है कि पंजाब, श्रीनगर, राजोरी और पुंछ से जम्मू होने वाले चिट्टे के नशा कारोबार में यह तस्कर इन महंगी कारों का इस्तेमाल कर रहे हैं। चिट्टे की मोटी कमाई का ही नतीजा है कि तस्करों के लिए चार से पांच लाख और दस लाख तक की कार खरीदने के लिए आसानी से पैसे आ रहे हैं।
इस समय कई बड़े घरों के युवाओं को चिट्टे के नशे ने जकड़ रखा है। जिसका चिट्टा तस्कर जमकर लाभ उठा रहे हैं। बेशक डीआईजी जम्मू रफीक उल हसन और एसएसपी विवेक गुप्ता ने नशे पर शिकंजा कसने की बात कही हो, लेकिन तस्करों के बदले इस नए ट्रेंड से निपटना भी एक चुनौति होगी।