तूतां दी खूही, बजालता में बुधवार को एक वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। इस हादसे में एक दर्जन लोग घायल हो गए। सभी घायल बजालता में क्रिकेट मैच देखकर घर लौट रहे थे।
आसपास के लोगों ने घायलों को पहले क्षतिग्रस्त वाहन से बाहर निकाला और रास्ते से गुजरने वाले वाहनों से जीएमसी पहुंचाया।
किसी को फ्रैक्चर आया तो किसी के टांगों पर चोटें लगी हैं। घायलों में पिता और उसकी तीन साल की मासूम बेटी भी शामिल है।
जानकारी के मुताबिक बजालता में क्रिकेट मैच के आयोजन करवाए जा रहे हैं। एक वाहन बजालता से सरुईंसर के लिए रवाना हुआ। इसमें सरुईंसर रहने वाले सभी लोग सवार थे।
तूतां दी खूही के पास जैसे ही वाहन पहुंचा, मोड़ काटते वक्त अनियंत्रित हो गया और सड़क पर पलट गया। इस हादसे में करीब एक दर्जन लोग घायल हो गए।
घायलों के मुताबिक सभी वाहन में सवार होकर क्रिकेट मैच के आयोजन से लौट रहे थे कि तभी वाहन पलट गया और वे हादसे में घायल हो गया।
हादसे की सूचना मिलते ही परिवार के सदस्य भी जीएमसी अस्पताल पहुंच गए। पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज कर ली है और जांच-पड़ताल शुरू कर दी है।