आईपीएस अधिकारी पर मारपीट का आरोप लगाने वाले हेड कांस्टेबल और पुलिस विभाग में ठन गई है। कांस्टेबल इंसाफ मांगने के लिए मंगलवार को कोर्ट पहुंच गया, जबकि पुलिस ने साफ तौर पर बोल दिया कि हेड कांस्टेबल ने शराब पीकर अधिकारी के साथ बदतमीजी की और उसके खिलाफ विभागीय जांच जारी रहेगी। वह सस्पेंड भी रहेगा। हेड कांस्टेबल पर अपने सस्पेंड होने की वजह से मामले को तूल देने की बात कही जा रही है, जबकि हेड कांस्टेबल ने कहा है कि उसको दबाव में इंसाफ नहीं मिल रहा।
मंगलवार को हेड कांस्टेबल दुर्गा दत्त जम्मू हाईकोर्ट में पहुंचे। उन्होंने आवेदन किया कि उनके साथ एक आईपीएस अधिकारी ने मारपीट की। इस पर कार्रवाई करने की जगह उल्टा प्रताड़ित किया जा रहा है। अब तक उसके पास कोई जांच अधिकारी भी नहीं पहुंचा। पुलिस उनके मामले में कोई कार्रवाई नहीं कर रही। चीफ ज्यूडीशियल मजिस्ट्रेट ने एसएसपी जम्मू को इस मामले की जांच करने के लिए कहा है। हेड कांस्टेबल दुर्गा दत्त का कहना है कि पुलिस आईपीएस अधिकारी के दबाव में उसका मामला गंभीरता से नहीं ले रही।
एसएसपी जम्मू उत्तम चंद ने कहा है कि दुर्गा दत्त के खिलाफ विभागीय जांच चल रही है। वह शराब पीकर ड्यूटी देता हुआ पाया गया है और उसको सस्पेंड किया गया है। वह बचने के लिए अब ड्रामा कर रहा है। उल्लेखनीय है कि सोमवार को नरवाल पुलिस चौकी में तैनात हेड कांस्टेबल दुर्गा दत्त ने रविवार को आईपीएस अफसर पर आरएस पुरा थाने में उनके साथ मारपीट करने का आरोप लगाया था। वह मेडिकल कालेज अस्पताल में भर्ती भी रहा। हेड कांस्टेबल का आरोप है कि आईपीएस अधिकारी चंदन कोहली ने उनके साथ मारपीट की है, जबकि आईपीएस अधिकारी चंदन कोहली ने इस आरोप का आधारहीन बताया था।