जानीपुर हाईकोर्ट से सटे जानकी विहार, टाली मोड़ जानीपुर स्थित मकान में शुक्रवार की सुबह एक युवक का शव पंखे से लटकता मिला। जानकी विहार निवासी बब्बू (25) का शव देख परिवार के लोगों में कोहराम मच गया। कुछ समय पहले ही युवक का विवाह हुआ था। पुलिस को जानकारी मिली तो मौके पर पहुंचकर शव को पंखे से उतारा और पोस्टमार्टम के लिए जीएमसी भेज दिया।
जानीपुर पुलिस ने संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में केस दर्ज करकारणों की जांच शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक उन्हें सूचना मिली कि जानकी विहार में रहने वाले बब्बू ने घर में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली है। पुलिस ने पहुंच कर सबसे पहले शव को पंखे से उतारा। फिर परिवार के लोगों से पूछताछ की।
लेकिन अधिकांश लोगों ने पुलिस को कुछ भी स्पष्ट नहीं बताया। पुलिस अपने स्तर पर जांच कर रही है, जिसमें अब तक सामने आया है कि बब्बू निजी कंपनी में काम करता था, कुछ समय पहले ही उसकी शादी हुई थी। पुलिस के अनुसार, पड़ोस के लोगों से जानकारी मिली है कि बब्बू के घर में पिछले कुछ दिनों से माहौल ठीक नहीं चल रहा था। पुलिस इसी आधार पर मौत के कारणों की तलाश करने में जुट गई है।