नेशनल हाइवे, नगरोटा आर्मी गेट के सामने शनिवार की देर शाम एक लावारिस बैग मिलने से सनसनी फैल गई। आर्मी के लोगों ने सतर्कता दिखाते हुए कुछ समय के लिए वाहनों को रोक दिया। करीब पंद्रह मिनट तक एनएच बंद होने से वाहनों की कतार लग गई।
आर्मी की रेस्क्यू टीम पहुंची और उसने बैग को चेक किया, लेकिन कुछ नहीं निकला। सूचना मिलते ही नगरोटा थाने की पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। अफरातफरी में लगे जाम को हटाने में भी काफी वक्त लग गया।
जानकारी के मुताबिक, नगरोटा में आर्मी गेट के सामने शनिवार शाम करीब साढ़े छह बजे किसी का बैग गिर गया। जब उसे कोई उठाने के लिए नहीं आया तो आर्मी गेट पर तैनात जवान अलर्ट हो गए। उन्होंने इसकी जानकारी अपने उच्च अफसरों को दी।
तभी उच्चाधिकारी मौके पर पहुंचे और सबसे पहले दोनों तरफ के ट्रैफिक रोकवाए गए। इसके बाद आर्मी की रेस्क्यू टीम पहुंची और जांच पड़ताल शुरू कर दी।
वाहनों को रोक ने से जाम लग गया। आर्मी ने लोगों को बैग के नजदीक नहीं जाने दिया। लोगों की भीड़ जुटती, इससे पहले ही मामला साफ हो गया। बैग में कुछ संदिग्ध नहीं निकला। इसके बाद यातायात दोबारा से बहाल कर दिया गया।