जिले की थन्नामंडी तहसील के अजमताबाद क्षेत्र में एक 30 वर्षीय युवक जो झाड़-फूंक से लोगों की बीमारियों के उपचार का दावा करता है। उसके खिलाफ एक महिला ने उपचार करने के बहाने दुष्कर्म का प्रयास करने और मारपीट करने का मामला दर्ज करवाया है। पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए ढोंगी बाबा को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार थन्नामंडी तहसील के एक गांव की महिला ने थन्नामंडी पुलिस थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई कि उसने कहीं से सुना था कि अजमताबाद क्षेत्र में एक बाबा हैं, जो विभिन्न रोगों का उपचार करते हैं।
वह भी किसी परेशानी को लेकर शनिवार की शाम बाबा के पास गई थी। बाबा ने महिला को एक अंडरग्राउंड कमरे में बुलाया और उसके साथ जोर-जबरदस्ती शुरू कर दी। जब महिला ने इसका विरोध किया तो उस ढोंगी बाबा ने उसके साथ मारपीट की।
पीड़ित महिला जब इसकी शिकायत दर्ज करवाने पुलिस थाने पहुंची, तो पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज करने में आनाकानी की। इसके बाद कुछ लोगों ने मामले की जानकारी एसएसपी राजोरी और डीआईजी राजोरी पुंछ रेंज को दी।