गांधीनगर थाना अंतर्गत इलाके में करंट लगने से आटो चालक की मौत हो गई। पुलिस ने पंज गराई निवासी साहिल वर्मा उर्फ (लप्पी) (24) के शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिवार के हवाले कर दिया। बताया जा रहा है कि साहिल पशुओं के लिए चारा काटने पेड़ पर चढ़ा था।
हाईटेंशन तार छूने से वह बुरी तरह झुलस गया। पुलिस ने केस दर्ज कर मामले मेंजांच-पड़ताल शुरू कर दी है। साहिल के पिता सोहनलाल के मुताबिक वह गांधीनगर में एक टेंट हाउस में बतौर आटो चालक काम करता था।
गांधीनगर इलाके में टेंट वालों के पशुओं के लिए साहिल चारा इकट्ठा करने के लिए पेड़ पर चढ़ा था। जैसे ही उसने दराती के साथ टहनी काटनी शुरू की, अचानक पेड़ के ऊपर से जा रहा हाईटेंशन तार दरांती से छू गया।
करंट की चपेट में आने से वह बुरी तरह झुलस गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक साहिल का शव काफी देर तक झुलसता रहा। बाद में पुलिस ने उसे उतारकर पोस्टमार्टम के लिए जीएमसी पहुंचाया। साहिल की मौत से पूरा परिवार सदमे में है।