आरएस पुरा। गांव चक्क मोहम्मदयार में सरपंच के परिवार पर कुछ लोगों ने हमला बोल दिया। इसमें परिवार के पांच लोग घायल हो गए। सभी को उपचार के लिए उप जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। इनमें से एक के सिर पर गंभीर चोटें आई हैं। उसे प्राथमिक उपचार के बाद जीएमसी रेफर कर दिया। पुलिस ने इस मामले में दो भाइयों को हिरासत में लिया है।
पंचायत के नायब सरपंच सरताज सिंह ने बताया कि उसकी मां राज कौर सरपंच हैं। गांव के बाबर व उसके भाई साबर ने अपने साथियों सहित शुक्रवार की दोपहर में घर में पहुंच परिवार के लोगों पर हमला कर दिया। आरोपियों ने सरपंच राज कौर, मनमोहन सिंह पुत्र सरदूल सिंह, गुलशन कौर पत्नी सतवीर सिंह, अवजीत सिंह पुत्र सतवीर सिंह, सरताज सिंह पुत्र सरदूल सिंह पर लाठी व हथियार से मारपीट शुरू कर दी। उन्होंने बताया कि यह हमला पंचायत चुनाव की रंजिश के तहत किया गया है। उन्होने बताया कि पूर्व के पंचायत के चुनाव में वह सरपंच निर्वाचित हुए थे और इस बार महिला प्रत्याशी के लिए आरक्षित सीट होने पर उनकी मां राज कौर सरपंच निर्वाचित हो गईं थी और खुद पंच के तौर पर जीते। इसके साथ ही पंचों ने सर्वसम्मति से उन्हें नायब सरपंच चुन लिया।
हमले में अवजीत के सर पर अधिक चोट आई। उसे उपजिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद जम्मू मेडिकल कालेज रेफर कर दिया। जबकि अन्य चार को मामूली चोटें आने पर उपचार देकर अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
पुलिस ने नायब सरपंच सरताज सिंह की शिकायत पर मामला दर्ज कर दो भाइयों को हिरासत में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि इस मामले में शामिल अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।