श्रीनगर। केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह के शुक्रवार को कुपवाड़ा दौरे से कुछ घंटे पहले जिले में आतंकियों ने सेना की पार्टी पर हमला किया। घटना के बाद बड़े पैमाने पर इलाके में आतंकियों को तलाशने के लिए अभियान चलाया गया। यह घटना कुपवाड़ा टाउन जहां राजनाथ सिंह का दौरा था से करीब 20 किलोमीटर दूर हुई। इसके बाद सुरक्षा को और चाक चौबंद कर दिया गया।
जिले के हंदवाड़ा के हरिल इलाके में सेना की 30 राष्ट्रीय राइफल्स (आरआर) की पेट्रोलिंग पार्टी पर आतंकियों ने फायरिंग की, जिसका सेना के जवानों ने भी जवाब दिया। कुछ देर चली फायरिंग के बाद इलाके में सेना और एसओजी की ओर से बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान चलाया गया। सूत्रों की मानें तो तलाशी अभियान के दौरान तीन आतंकी सुरक्षा बलों का घेरा तोड़कर भागने में कामयाब रहे। हालांकि इसकी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। ब्यूरो
पुलवामा में दुकानदार को आतंकियों ने मारी गोली
श्रीनगर। दक्षिणी कश्मीर के पुलवामा जिले में आतंकियों ने शुक्रवार की रात एक स्थानीय दुकानदार को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद इलाके में सुरक्षा बलों ने तलाशी अभियान चलाया। पुलवामा के एसएसपी मोहम्मद असलम चौधरी ने बताया कि आतंकियों ने जिले के काकपोरा बाजार में मंज़ूर अहमद नामक दुकानदार को गोलियों से निशाना बनाया। उसे तीन गोलियां लगी हैं जिनमें से दो पैर व एक छाती में लगी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। ब्यूरो