कुंजवानी से नगरोटा वाया सिद्दड़ा बाईपास खतरनाक साबित हो रहा है। एक माह में इस मार्ग पर पांच मौतें हो चुकी हैं। एक दर्जन से अधिक घायल हुए हैं।
इस रोड पर वाहनों की तेज रफ्तार पर लगाम नहीं है। इस मार्ग पर हर शाम को युवक बाइक स्टंट करने पहुंचते हैं। स्टंट करने वाले युवकों पर नजर रखने के लिए पुलिस ने टीमें भी बनाई हैं, लेकिन इसका कोई नतीजा नहीं निकला है।
एक महीने में तेज रफ्तार मोटरसाइकिल के दुघर्टनाग्रस्त होने के मामले तेजी से बढ़े हैं। दो हफ्ते पहले बाइक सवार दो युवक तेज गति के कारण गिर गए और इनमें से एक की मौत हो गई।
एक दिन पहले ही बाइक सवार तीन युवक बाइक फिसलने से गिर गए। बाइक की रफ्तार इतनी अधिक थी कि तीन में से दो की मौत हो गई। 20 दिन पहले ही इस मार्ग पर एक और युवक की मौत हो गई। एक महीने में सिद्दड़ा रोड पर बाइक के फिसलने से करीब 40 लोग घायल हुए हैं।
कई कारों की भी टक्कर हुई है। सिद्दड़ा रोड पर शाम को घूमने वालों का सिलसिला शुरू हो जाता है। खुली रोड और कम भीड़भाड़ होने की वजह से युवा बाइक स्टंट करने के लिए पहुंचते हैं। इस मार्ग पर वाहनों की रफ्तार तेज रहती है, जिससे हादसे होते हैं।