राजोरी के पलमा स्थित बुड्डी मोड़ क्षेत्र में वीरवार की देर शाम करीब छह बजे हुए सड़क हादसे में दो यात्रियों की मौत हो गई। 28 अन्य घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल चार लोगों को जम्मू रेफर कर दिया गया है। जानकारी के अनुसार, मेटाडोर जिले की नौशेरा तहसील के लाम लड़ोका क्षेत्र से कोटरंका तहसील के खा क्षेत्र की ओर जा रही थी।
शहर के पलमा स्थित एक तीव्र मोड़ पर चालक संतुलन खो बैठा और वाहन करीब 100 फीट गहरी खाई में जा गिरा। इस हादसे में वाहन में सवार 30 लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने स्थानीय लोगों की सहायता से राहत कार्य शुरू किया। जिला अस्पताल में उपचार के दौरान पलमा निवासी मोहम्मद रजाक और नगरोटा निवासी शमीम अख्तर की मौत हो गई।
शकीला बेगम, मोहम्मद यूसुफ, वाहन चालक राज कुमार और मोहम्मद अनवर को गंभीर घायल होने के चलते जम्मू रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. महमूद अहमद ने इसकी पुष्टि की। घायलों में दो से तीन वर्ष की आयु के तीन बच्चे मोहम्मद फैजान, महरोज कौसर, मोहम्मद ताहिर भी शामिल हैं।