जम्मू। कश्मीर में बर्फबारी होने से पहले पशु तस्कर बड़े स्तर पर सक्रिय हो गए हैं। राज्य पुलिस ने इसे देखते हुए नेशनल हाईवे के अधीन आने वाले सभी पुलिस स्टेशनों को खास निर्देश दिए हैं। ऐसी भी आशंका जताई जा रही है कि पशु तस्करी की वजह से हाईवे पर माहौल बिगाड़ने की कोशिश भी है।
जानकारी के अनुसार पिछले एक हफ्ते के भीतर जम्मू संभाग में हाईवे और प्रमुख रोड पर पशु तस्करी के 100 के करीब प्रयास विफल किए गए हैं। करीब एक हजार पशुओं को तस्करों के चंगुल से छुड़ाया गया है, लेकिन अभी भी कई तस्कर हैं, जो बर्फ गिरने से पहले कश्मीर तक पशुओं को पहुंचाने की फिराक में हैं। पुलिस की तरफ से हाईवे के अधीन आने वाले सभी पुलिस स्टेशन में विशेष निर्देश दिए गए हैं। नाकों पर अतिरिक्त पुलिस बल को तैनात किया गया है। ऐसी भी सूचनाएं है कि पशु तस्करों के पास हथियार भी हैं। जो तस्करी के लिए किसी भी हद तक जा सकते हैं। कई बार पशु तस्करों ने हाइवे पर चेकिंग पर खड़े पुलिस कर्मियों को रौंदने की भी कोशिश की गई है। पुलिस कर्मियों को यह भी हिदायत दी गई है कि वह पशु तस्करों से सावधान रहें।