जम्मू। शहर के बाहरी क्षेत्र बठिंडी में वीरवार को दो संदिग्धों के दिखने से दहशत फैल गई। पूरा पुलिस महकमा हरकत में आ गया। शहर में सभी नाकों और इलाकों में पुलिस को अलर्ट कर दिया है। इलाके में स्पेशल नाके लगाकर वाहनों की सघन जांच शुरू कर दी गई। हालांकि देर रात तक कहीं से कुछ मिला नहीं। अलबत्ता पुलिस की अचानक सक्रियता से लोग दिन भर घबराए रहे।
दरअसल, सेना की तरफ से पुलिस को सूचना दी गई कि एक काले रंग की कार में दो संदिग्ध देखे गए हैं, जिनके पास से दो एके-47 भी हैं। बताया गया कि एक शख्स ने बठिंडी क्षेत्र में काले रंग की इको स्पोर्ट कार देखी है। इसकी सूचना मिलते ही पुलिस के स्पेशल आपरेशन ग्रुप की ओर से शहर में अलर्ट कर दिया गया। शहर में सभी इलाकों पर सूचना दे दी गई। फिलहाल देर रात तक इस कार के बारे कोई जानकारी नहीं मिल सकी। बावजूद इसके पुलिस की तरफ से अलर्ट कर दिया गया है।
उल्लेखनीय है कि बठिंडी इलाके में पुलिस ने तीन साल पहले एक आतंकी को गिरफ्तार किया गया था। बठिंडी से कुछ दूर सुंजवां इलाके में सैन्य कैंप पर आतंकी हमला भी कुछ महीने पहले हुआ था। ऐसे में इस क्षेत्र में इस तरह की सूचना को हल्के में नहीं लिया जा सकता है। इसे देखते हुए पुलिस की तरफ से अलर्ट किया गया है।