सांबा। जिले के सीमावर्ती गांव बैनगलाड के एक युवक का शनिवार को नहर से संदिग्ध हालत में शव बरामद हुआ था। उसके परिवार वालों ने आशंका जताई है कि उसकी हत्या करके शव नहर में फेंका गया है। उन्होंने पुलिस से इस मामले की गंभीरता से जांच किए जाने की मांग की है।
सनद रहे की गांव बेनगलाड का युवक अमित चौधरी शुक्र वार को आईटीआई कालेज सांबा के लिए घर से सुबह निकला था। शाम तक घर नहीं लौटने पर परिवार वालों ने पुलिस को उसके लापता होने की सूचना दी। पुलिस ने शनिवार को सिडको फेस एक के निकट नहर से उसका शव बरामद किया। परिवार के सदस्यों का कहना है कि वह आईटीआई सांबा के लिए गया था और उसका शव सिडको फेस-एक में नहर से बरामद हो रहा है। ऐसे में यह पूरी आशंका है कि उसकी पहले हत्या की गई है और बाद में उसके शव को नहर में फेंक दिया गया है। मृत युवक के पिता का पहले ही स्वर्गवास हो चुका है। माता व दो भाई हैं। बड़ा भई बैंक में नियुक्त है जबकि छोटा पढ़ाई कर रहा है।
उधर थाना प्रभारी चंचल सिंह ने बताया कि चार दोस्त पार्टी कर नहर में नहा रहे थे। नहाते समय नहर में डूबने से उसकी मौत हुई है। उसके शरीर पर कोई निशान भी नही मिले हैं, जो उसकी हत्या किए जाने की पुष्टि करते हों। फिर भी पुलिस इसके लिए मृतक के साथियों से भी पूछताछ कर रही है।