रियासी। जिला मुख्यालय के साथ सटे गांव कयाला में रविवार सुबह जमीन के कुछ हिस्से को लेकर के हुए विवाद तथा मारपीट के बाद एक व्यक्ति की मौत हो गई। वहीं एक गंभीर रूप से घायल हो गया।
बताया जाता है कि कयाला गांव में एक जमीन में से रास्ता दिए जाने के दौरान एक ही मोहल्ले में रहने वाले दो परिवार आपस में भिड़ गए। इस दौरान पहले आपस में विवाद हुआ बाद में बात लड़ाई झगड़े पर आ गई। आपस में खूब डंडे एक दूसरे पर बरसाए गए। इस दौरान लगभग पैंसठ वर्षीय गुलाम रसूल के साथ ही मीर हुसेन घायल हो गए। मारपीट होने का पता चलते ही मौके पर पुलिस की एक पार्टी पहुंची। घायल दोनों लोगों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डाक्टरों ने दोनों को प्राथमिक उपचार देने के बाद जम्मू के लिए रेफर कर दिया। बताया जाता है कि रास्ते में गुलाम रसूल की मौत हो गई।
पुलिस ने पहले इस संदर्भ में 307, 341, 323 व 147 के तहत केस को दर्ज किया था, लेकिन बाद में गुुलाम रसूल की मौत होने के बाद पुलिस ने केस को 302 के तहत दर्ज किया। एसएचओ अश्विनी शर्मा के अनुसार इस मामले में दो लोगों को पकड़ा गया है आगे की कार्रवाई जारी है।