अखनूर। एक ठग गिरोह ने क्षेत्र के कई बेरोजगार युवाओं से सेंट्रल यूनिवर्सिटी (सीयू) में नौकरी दिलाने का झांसा देकर लाखों रुपए ऐंठ लिए हैं। कई महीने बीत जाने के बाद भी अब तक तक न किसी को नौकरी मिली और न पैसे वापस मिले। ठगी के शिकार युवक दर-दर की ठोकरें खा रहे हैं। पीड़ितों ने डीजीपी से गुहार लगाई है कि इस गिरोह का पर्दाफाश कर पैसे वापस दिलाएं।
दरअसल, सीमावर्ती क्षेत्र में चार महीने से एक ठग गिरोह सक्रिय है। इस गिरोह ने कई युवाओं से लाखों रुपए यह कहकर ऐंठ लिए कि उन्हें सेंट्रल यूनिवर्सिटी में नौकरी दिलाई जाएगी। इस झांसे में बीए, बीएड, एमए, एमएड किए हुए युवा आए हैं। बताया जाता है कि करीब 40 युवाओं से दो से पांच लाख रुपये लिए गए। मगर अब जब रुपए लेने वालों से संपर्क करने की कोशिश की जा रही है तो कोई जवाब नहीं मिलता है। कई पीड़ितों ने क्राइम ब्रांच को शिकायत भी की है, बावजूद ठग गिरोह सक्रिय है। बताया जाता है कि ठगी करने वालों में कई नामी लोग और एक वकील भी शामिल है।