बाड़ी ब्राह्मणा। पुलिस ने रविवार को एक लापता बच्चे को बरामद कर उसके परिजनों को सौंप दिया है। जानकारी के अनुसार सिद्धांत पुत्र रूप कुमार निवासी पक्का तालाब रेहाड़ी जम्मू लापता हो गया। वह किसी तरह से बाड़ी ब्राह्मणा पहुंच गया। वहां सोशल मीडिया के जरिये बच्चे का इंटरव्यू किया गया। उससे उसके बारे में पूछा गया। उसने अपने बारे में बताया कि वह पक्का तालाब जम्मू का रहने वाला है।
इसके चलते पुलिस ने उसे बरामद कर कब्जे में ले लिया और उसके घर वालों से संपर्क करना शुरू कर दिया। जल्दी ही उसके परिजनों का पता चल गया। उन्हें बुलाकर बच्चे को उनके हवाले कर दिया। बच्चे से जब पूछा गया कि वह बाड़ी ब्राह्मणा कैसे पहुंचा तो उसने बताया कि वह घर से निकला था और गाड़ी में बैठ कर अपनी मौसी के घर जा रहा था, लेकिन वह भूल गया कि उसने कहां उतरना है। इतनी देर में पुलिस ने उसे घूमते हुए देखा। उन्होंने उससे पूछताछ शुरू कर दी, और सोशल मीडिया के जरिये उसे वायरल कर दिया, जिससे उसके घर वालों का पता चल गया और उसे घर वालों को सौंप दिया।