- टिप्पर में लादकर ले जाते थे 250 किलोवाट के ट्रांसफार्मर, तांबा और तेल कबाड़ में बेचते थे
- जानीपुर, भलवाल और बजालता में कई वारदात का खुलासा, चोरी के दो ट्रांसफार्मर बरामद
संवाद न्यूज एजेंसी
बनतालाब। दिन में सुनसान इलाकों में लगे बिजली के ट्रांसफार्मरों की रेकी और रात होते ही क्रेन की मदद से उन्हें उखाड़कर टिप्पर में लादना। इसके बाद ट्रांसफार्मर से तांबा और तेल निकालकर कबाड़ में बेच देना। जानीपुर पुलिस ने ऐसे ही एक गिरोह का भंडाफोड़ कर पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो ट्रांसफार्मर बरामद किए हैं। दोनों रिंग रोड, कोटे भलवाल इलाके से चोरी किए गए थे और प्रत्येक की क्षमता 250 किलोवाट है।
जानीपुर पुलिस के अनुसार गिरोह के सदस्य दिन में स्कॉर्पियो में घूमकर ऐसे स्थानों की पहचान करते थे, जहां डिस्ट्रीब्यूशन ट्रांसफार्मर सुनसान जगह पर लगे हों। रेकी के दौरान वे आसपास की स्थिति और ट्रांसफार्मर की लोकेशन पर नजर रखते थे। रात में टिप्पर और क्रेन लेकर वहां पहुंचते और ट्रांसफार्मर को उखाड़कर वाहन में लादकर ले जाते थे। इसके बाद ट्रांसफार्मर को खोलकर उसमें से तांबा और तेल निकाल लिया जाता था। इन सामान को कबाड़ बाजार में बेचकर गिरोह के सदस्य रकम बांट लेते थे। इससे पूरे क्षेत्र में बिजली कई दिनों तक प्रभावित रहती थी।
जानीपुर पुलिस ने इस मामले में जांच करते हुए आरोपी तक पहुंची। पूछताछ में आरोपियों ने जानीपुर, भलवाल और बजालता क्षेत्र में ट्रांसफार्मर चोरी की कई वारदात में शामिल होने की बात स्वीकार की है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहम्मद यूनुस, असगर अली, मोहम्मद यूसुफ, जाकिर हुसैन सभी निवासी बजालता और जाकिर हुसैन निवासी भठिंडी के रूप में हुई है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल टिप्पर और स्कॉर्पियो को भी जब्त किया है। इस मामले में जानीपुर थाने में एफआईआर दर्ज की गई है। जांच में पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और चोरी का सामान खरीदने वालों का पता लगा रही है। पुलिस को और बरामदगी की उम्मीद है।