सांबा। त्योहारी सीजन शुरू होने से पहले ही खाद्य आपूर्ति विभाग के अधिकारियों ने आटा मिलों एवं अन्य खाद्य पदार्थों विक्रेताओं के यहा छापा मार कर स्टोरों की जांच की। इस दौरान आटा मिलों, गोदामों, खाद्य भंडारों, बिक्री डिपो, उचित मूल्य की दुकानों का निरीक्षण किया, और विभागीय योजनाओं के कार्यान्वयन की समीक्षा की।
मैसर्स केके फ्लोर मिल्स और मैसर्स विजय फ्लोर मिल्स बाड़ी ब्राह्मणा के निरीक्षण के दौरान मिलों में तैनात पर्यवेक्षकों को गेहूं की शीघ्र पिसाई और लाभार्थियों को अच्छी गुणवत्ता का आटा उपलब्ध कराने के निर्देश जारी किए गए हैं। आटे का उचित नियमित नमूनाकरण सुनिश्चित करने को कहा गया। इसके अलावा टीम ने जिले में खाद्य भंडार, सरकारी बिक्री डिपो और उचित मूल्य की दुकानों का निरीक्षण किया और वहां उपलब्ध खाद्यान्न के स्टॉक की जांच की। टीम ने मौके पर ही लाभार्थियों द्वारा किए गए खाद्यान्नों के ऑनलाइन लेनदेन की भी जांच की। संबंधित अधिकारियों को पीओएस मशीनों के माध्यम से लाभार्थियों को शत-प्रतिशत लेनदेन करने का निर्देश दिया। बाद में निदेशक एफसीएस और सीए जम्मू ने भी राशन कार्ड धारकों से बातचीत की। दौरे के दौरान निदेशक, एफसीएस और सीए जम्मू ने अन्य अधिकारियों के साथ उपायुक्त अनुराधा गुप्ता से भी मुलाकात की। जिले में सौ प्रतिशत आधार सीडिंग, पीओएस मशीन के माध्यम से खाद्यान्न वितरण और खाद्यान्न की उपलब्धता के मुद्दों पर भी चर्चा की।
कार्रवाई में नसीम जावेद चौधरी निदेशक खाद्य नागरिक आपूर्ति और उपभोक्ता मामले जम्मू, शगुन शर्मा संयुक्त निदेशक (प्रशासन), मुख्तार अहमद सहायक निदेशक और तहसील आपूर्ति अधिकारी सांबा, विजयपुर, बाड़ी ब्राह्मणा शामिल रहे।