सांबा। बीएसएफ से सेवानिवृत्त जवान के खाते से चेक के जरिये दो लाख रुपये की धोखाधड़ी किए जाने का मामला प्रकाश में आया है। कस्बा के पंकज संब्याल ने कहा कि उनका बैंक खाता यूनियन बैंक ऑफ इंडिया सांबा में है। बताया कि गत दिवस उनके मोबाइल पर एक मैसेज आया कि उनके खाते से दो लाख रुपये निकाले गए हैं।
पंकज ने बताया कि वह बैंक की शाखा में गए और इसकी शिकायत की। इस पर बैंक की ओर से उन्हें बताया गया कि बंगलूरू से चेक लगाया गया है, जो गुड़गांव हरियाणा के आशिम आलम व्यक्ति के खाते में जमा किए गए हैं। इसके बाद वह क्राइम ब्रांच में शिकायत दर्ज करवाने पहुंचे। लेकिन यहां उन्हें संबंधित पुलिस थाने में मामला दर्ज करवाने के लिए कहा गया।
पंकज के अनुसार सांबा पुलिस थाना में मामला दर्ज करवाने के दो दिन बाद भी उन्हें एफआईआर की कॉपी नहीं दी गई है। इससे उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ा है। इस संदर्भ में वीरवार को कैली मंडी के सरपंच लब्लु संब्याल ने एसएसपी राजेश शर्मा से मुलाकात की और उन्हें फर्जीवाड़ा संबंधी जानकारी दी। साथ ही पुलिस थाने में तैनात मुंशी की कार्यशैली के बारे में भी शिकायत की।