जम्मू संभाग में सांबा जिले के धार्मिक स्थल मानसर में स्थित शेषनाग मंदिर में शनिवार की रात कुछ शरारती तत्वों ने दो मूर्तियों को खंडित कर दिया। वहीं मंदिर के दानपत्र को चुरा लिया। मंदिर में रह रहे महंत बद्री दास को कमरे में बंद कर दिया।
यह भी पढ़ेंः कारगिल विजय के 21 साल: भारत के इस ‘बहादुर’ का खौफ इतना था कि पाकिस्तान कहता था 'चुड़ैल'
महंत के अनुसार वह रात को कमरे में सोया हुआ था। आधी रात के बाद उन्हें कुछ आवाजें सुनाई दीं। वह कमरे का दरवाजा खोलने लगे, लेकिन दरवाजा बाहर से बंद था। किसी तरह से दरवाजा तोड़ा बाहर आए तो दो मूर्तियों को खंडित कर दिया गया था। दानपत्र भी गायब था।
महंत ने तत्काल ही सरपंच व पंच को इसकी सूचना दी। मौके पर पहुंचकर उन्होंने देखा मंदिर में चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया। उन्होंने मानसर पुलिस चौकी के प्रभारी को इसकी सूचना दी। पुलिस भी मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। महंत के अनुसार काफी समय से दानपत्र को खोला नहीं गया है। उसमें काफी नकदी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया जांच शुरू कर दी है।