जम्मू। जानीपुर पुलिस ने शहर में हेरोइन की सप्लाई करने वाले कुख्यात तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी अत्तर हुसैन निवासी जम्मू पर नशा तस्करी के कई मामलों में शामिल था और पुलिस उसकी लंबे समय से तलाश कर रही थी। शनिवार देर रात को आरोपी को पलौड़ा चौक पर नाके के दौरान 50 ग्राम हेरोइन और ऑडी कार के साथ पकड़ा गया।
पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी लंबे समय से नशा तस्करी कर रहा है और करोड़ों की संपत्ति का मालिक है। पुलिस ने कार को भी कब्जे में लिया है। जानीपुर थाने के एसएचओ इम्तियाज ने बताया कि पूछताछ में नशा तस्कर ने कई लोगों के नाम उगले हैं। पुलिस छानबीन कर रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि आरोपी कहां से हेरोइन लाता था और किसको सप्लाई करता था। इस मामले में और कौन लोग शामिल हैं।