जम्मू। रविवार को सड़क हादसे में मरे 19 साल के रितिश चौबर को टक्कर मारने वाले मिनी बस चालक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मिनी बस भी जब्त कर ली गई है। आरोपी पर एफआईआर दर्ज की गई है। सीसीटीवी फुटेज से पुलिस ने मिनी बस चालक की पहचान की है। रितिश का एक सितंबर को बर्थडे था। वह दोस्तों के साथ बर्थडे मनाने दोस्त की बाइक से जा रहा था। तभी एक मिनी बस ने उसे टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक फरार हो गया था।
डीएसपी हीरा लाल पंडिता ने बताया कि चालक की पहचान सोहन लाल निवासी जागीर मठ के रूप में हुई है। बस का नंबर जेके02 एएन 4297 है। इसका रूट जम्मू के मेडिकल कालेज अस्पताल से कानाचक्क का है। बस को उस समय जब्त किया गया जब जम्मू से कानाचक्क जा रही थी। तब इसे कोई और चालक चला रहा था। पूछताछ में उसने बताया कि हादसे के दिन बस को सोहन लाल चला रहा था। सूचना पर पुलिस ने सोहन लाल के घर छापा मारकर उसे पकड़ लिया। सोहन लाल ने डर के चलते हादसे के बाद बस किसी दूसरे चालक को दे दी थी।