जम्मू। ग्रेटर कैलाश में रविवार रात को अभिभावक संघ के प्रधान पर फायरिंग करने वाले हमलावरों का दूसरे दिन भी कोई सुराग नहीं लग पाया। सोमवार को एसपी, डीएसपी और एसएचओ ने क्षेत्र में पहुंचकर वारदात स्थल का जायजा लिया। दुकानों और घरों के पास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
अमित कपूर पर रविवार रात ग्रेटर कैलाश इलाके में अज्ञात लोगों ने हमला कर दिया। वह बाड़ी ब्राह्मणा में बैठक कर लौट रहे थे। हमलावरों ने उन पर दो राउंड फायर किए, जो उनकी स्कॉर्पियो गाड़ी के अगले शीशे पर लगे। हालांकि अमित कपूर इस हमले में बाल-बाल बच गए। उनका कहना है कि एक गैंगस्टर ने कुछ महीने पहले उनको जान से मारने की धमकी दी थी। उन्हें शक है कि इसी गैंगस्टर ने गोली चलाई है। वह जल्द ही गैंगस्टर का नाम बताएंगे। गौर हो कि अमित कपूर निजी स्कूलों की मनमानी को लेकर अकसर बोलते रहे हैं। शिक्षा विभाग से भी अमित की सीधी नोकझोंक होती रही है। शिक्षा विभाग की निदेशक अमित कपूर के खिलाफ पुलिस में शिकायत तक दे चुकी हैं। ऐसे में उन पर गोली चलने की घटना चर्चा का विषय बनी हुई है। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है। कई लोगों से पूछताछ की जा रही है। लेकिन पुलिस के हाथ अभी कोई सुराग नहीं लगा है।
----------
मामूली विवाद में चल रही गोलियां, 15 दिन में चार वारदातें
जम्मू। शहर में मामूली विवाद को लेकर पिस्तौल और गन का बेखौफ इस्तेमाल हो रहा है। गन लाइसेंस रखने वालों ने इसका दुरुपयोग करना शुरू कर दिया है। साथ ही कई लोग अवैध रूप से भी हथियारों का इस्तेमाल रंजिश के लिए कर रहे हैं। 15 दिन में जम्मू शहर में गोली चलने की चार वारदातें सामने आ चुकी हैं। बाहु क्षेत्र, जानीपुर, चट्ठा और ग्रेटर कैलाश, इन चार जगहों पर गोली चलने की वारदातें हुईं हैं। शहर में आपराधिक घटनाओं के साथ चोरी-लूटपाट की घटनाएं बढ़ती जा रहीं हैं।
बीते दिनों बाहु क्षेत्र में पैसों के लेनेदेन में गोली चल गई। चट्ठा में जमीनी विवाद को लेकर पड़ोसी पर गोली दाग दी और जानीपुर में भी मामूली विवाद को लेकर गोली चली। बीते दिन ग्रेटर कैलाश में भी अभिभावक संघ के प्रधान अमित कपूर पर अज्ञात लोगों ने फायरिंग की।