अखनूर। चिनाब दरिया के जियो पोता घाट पर लक्ष्मण मंदिर में दो लाख रुपये की चोरी के मामले में पुलिस ने पूछताछ के लिए तीन युवकों को हिरासत में लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार चिनाब दरिया के जियो पोता घाट के लक्ष्मण मंदिर के महंत ने पांच दिन पहले मंदिर से दो लाख रुपये की चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने केस दर्ज कर विभिन्न पहलुओं पर छानबीन करके वारदात वाली शाम को घाट पर आवाजाही करने वाले तीन युवकों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया। उन्हें महंत के समाने भी पेश किया गया। पुलिस ने तीनों युवकों से चोरी रकम और अन्य लोगों की घाट पर मौजूदगी के बारे में पूछताछ की। पुलिस दो और युवकों की तलाश कर रही है जो फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस ने कई जगहों पर दबिश भी दी है। सनद रहे कि घाट पर आपराधिक वारदातें लगातार बढ़ रही हैं। क्षेत्र के लोगों ने कई बार रोकथाम की मांग की है। थाना प्रभारी रवि सिंह ने बताया चोरी के मामले में कुछ युवकों से पूछताछ की जा रही है। मामले की जांच जारी है।