जम्मू। सिटी के एक पुलिस थाने में हिरासत में ली गई नाबालिग लड़की की पिटाई करने का मामला सामने आया है। इसके विरोध में रविवार को गुस्साए परिजनों ने शालामार रोड जाम कर आरोपी पुलिस अफसर और कर्मियों पर कार्रवाई की मांग की है। परिजनों का आरोप है कि उनकी बेटी को चोरी के झूठे आरोप में पकड़ा गया और हिरासत में लेकर बेरहमी से पिटाई की। पीड़ित लड़की को जीएमसी में भर्ती कराया गया है। हालांकि पुलिस का कहना है कि किसी तरह की पिटाई नहीं की गई। यहां तक कि कोई केस भी दर्ज नहीं किया गया। एक महिला ने शिकायत दी थी कि उसका मोबाइल चोरी किया गया है। इस आधार पर लड़की को पूछताछ के लिए थाने बुलाया गया था। पिटाई करने का आरोप झूठा है
पीड़ित लड़की के परिजनों का कहना है कि बेटी पर आरोप लगाया गया कि उसने एक महिला का मोबाइल चोरी किया है। इसके बाद लड़की खुद पुलिस स्टेशन गई और पूछताछ करने पर उससे कुछ नहीं मिला, लेकिन पुलिस ने उसकी पिटाई कर दी, जिससे बेटी बेहोश हो गई और उसे अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। यह भी आरोप लगाया कि पुलिस कर्मियों ने लड़की को धमकी दी कि उसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाल देंगे। इसी बात को लेकर परिजन भड़क उठे और शालामार रोड पर प्रदर्शन किया। परिजनों ने मांग की कि उस महिला को सामने लाया जाए, जिसने झूठी शिकायत की और उन पुलिस अधिकारियों व कर्मियों पर भी कार्रवाई की जाए, जिन्होंने नाबालिग लड़की को पीटा है।
मामला बढ़ता देख एसडीपीओ सतीश कुमार भी प्रदर्शन स्थल पर पहुंचे और उचित कार्रवाई करने का आश्वासन दिया
------------
लड़की पर मोबाइल चोरी करने का आरोप लगा था और उसे पूछताछ के लिए थाने बुलाया गया। बाद में लड़की को छोड़ दिया गया। शिकायत करने वाली महिला और दूसरी लड़की के परिजन भी थाने में पहुंच गए थे, जिनका समझौता करा दिया गया। लड़की से किसी तरह की मार पिटाई नहीं की गई है।
जोगिंदर सिंह, एसएचओ, सिटी पुलिस स्टेशन