श्रीनगर। एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) ने मनरेगा के किए गए काम का बिल तैयार करने के एवज में 8 हजार रुपये रिश्वत लेते जूनियर इंजीनियर गुलाम हसन को गिरफ्तार किया है। उसके खिलाफ पुलिस स्टेशन एसीबी बारामुला में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
एसीबी को शिकायत मिली थी कि कुपवाड़ा जिले के त्रेहगाम ब्लॉक में ग्रामीण विकास विभाग का जूनियर इंजीनियर (जेई) गुलाम हसन मनरेगा के तहत किए गए काम के लिए बिल तैयार करने के एवज में 8000 रुपये रिश्वत मांग रहा है। शिकायत के बाद एसीबी ने टीम का गठन किया और जेई को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में उसके पास से रिश्वत के पैसे भी बरामद कर लिए गए।