जम्मू। पलौड़ा में अवैध खनन कर बजरी ले जा रहे एक टिप्पर चालक ने पीछा कर रही वन और खनन विभाग की टीम की गाड़ी को टक्कर मार दी और फरार हो गया। टिप्पर की टक्कर से गाड़ी में बैठे असिस्टेंट कंजरवेटर ऑफ फॉरेस्ट (एसीएफ) बाल-बाल बच गए। इस मामले में जानीपुर थाने में अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस जांच कर रही है, अभी तक टिप्पर चालक की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
प्रशासन ने अवैध खनन को रोकने के लिए तीन नवंबर को (स्पेशल टास्क फोर्स) एसटीएफ का गठन किया। टीम में वन विभाग के अधिकारी रूशल गर्ग (एसीएफ), जिला माइनिंग ऑफिसर अंकुर सचदेव आदि शामिल हैं। टीम अवैध खनन रोकने के लिए जगह-जगह पर नाके लगा रही है और रेड कर रही है। शनिवार तड़के टीम को सूचना मिली कि जम्मू के पलौड़ा इलाके में रेत और बजरी का अवैध खनन किया जा रहा है। कार्रवाई के लिए टीम ने दबिश दी। इस दौरान एक टिप्पर चालक को बजरी ले जाते देखा। जब उसे रुकने का इशारा किया तो चालक नाका तोड़कर भाग निकला। आरोपी को पकड़ने के लिए वन विभाग के अधिकारी रूशल गर्ग ने अपनी गाड़ी टिप्पर के पीछे लगा दी। जब अधिकारी ने गाड़ी टिप्पर से आगे निकाली तो टिप्पर चालक ने गाड़ी को टक्कर मार दी और फरार हो गया। हालांकि हादसे में अधिकारी सुरक्षित हैं।