रामबन में सेना की तरफ से आयोजित क्रिकेट प्रतियोगिता
- फोटो : UDHAMPUR
रामबन। बनिहाल में तैनात सेना ने शनिवार को 10 दिवसीय शहीद कैप्टन अतुल सोमरा क्रिकेट लीग का आयोजन किया। इसका उद्देश्य रामबन के युवाओं में शारीरिक फिटनेस और खेल भावना को बढ़ावा देना है। उद्घाटन मैच में फागू पैंथर्स को 43 रनों से हार का सामना करना पड़ा।
अंबाला छावनी हरियाणा के कैप्टन अतुल सोमरा ने 18 जुलाई 2002 को एक आतंकवाद विरोधी अभियान में मातृभूमि के लिए अपने प्राणों की आहुति देकर देश के लिए सर्वोच्च बलिदान दिया था। यह टूर्नामेंट उनके बलिदान को याद करने और बहादुर आत्मा को श्रद्धांजलि देने के लिए आयोजित किया गया है। प्रतियोगिता के लिए जिले के विभिन्न हिस्सों से 32 टीमों ने पंजीकरण कराया है।
टूर्नामेंट का उद्घाटन मैच शनिवार को फागू पैंथर्स और इस्लामिया क्रिकेट क्लब टाकिया के बीच खेला गया। इसमें पहले बल्लेबाजी करते हुए इस्लामिया सीसी ने निर्धारित 12 ओवरों में आठ विकेट खोकर 123 रन बनाए। बदले में फागू पैंथर्स की टीम 80 रनों पर ही सिमट गई। इस तरह पैंथर्स को 43 रनों से हार का सामना करना पड़ा। टूर्नामेंट का उद्घाटन एसडीएम बनिहाल जहीर अबास भट किया, जो मुख्य अतिथि थे। मौके पर एसडीपीओ निसार अहमद खोजा ने स्थानीय टीमों को अपनी खेल प्रतिभा दिखाने का अवसर प्रदान करने के लिए सेना के प्रयासों की सराहना की।
रामबन में सेना की तरफ से आयोजित क्रिकेट प्रतियोगिता- फोटो : UDHAMPUR