मां की अर्थी को कंधा देने जा रहे युवक की दस फरवरी की रात ट्रेन से कटकर दर्दनाक मौत हो गई थी। जम्मू रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर-2 पर यह हादसा हुआ था। भीड़ के बीच ट्रेन में पहले चढ़ने की कोशिश में वह नीचे गिर गया था। मृतक रमेश ठाकुर के जीजा राज किशोर ने शनिवार को जीएमसी के शवगृह में जाकर पहचान की और जोगी गेट स्थित शमशान घाट में संस्कार करा दिया।
पुलिस के मुताबिक मृतक रमेश ठाकुर (26) बिहार के मधुबनी जिले के अंदोली का रहने वाला था। जम्मू में आरएस पुरा और अरनियां में मेहनत मजदूरी कर गांव में मां-बाप को पैसे भेजता था। रमेश अविवाहित था, तभी उसे फोन पर सूचना मिली थी कि उसकी मां का देहांत हो गया है। मां को मुखाग्नि देने के लिए वह दस फरवरी की रात को अमरनाथ एक्सप्रेस ट्रेन में चढ़ने के लिए प्लेटफार्म नंबर दो पर पहुंचा।
तभी उसका पैर फिसल गया और वह पटरी पर जा गिरा और कटकर मौत हो गई। पुलिस को उसकी जेब से मोबाइल तथा मुजफ्फरपुर का टिकट मिला था। मोबाइल में कुछ नंबरों पर संपर्क करने पर उसके जीजा के साथ संपर्क हुआ तो पहचान के लिए उन्हें बुलाया गया। शनिवार को उसके जीजा जम्मू पहुंचे तो रमेश ठाकुर की पहचान की। इसके बाद शव का पोस्टमार्टम कराकर अंतिम संस्कार कर दिया गया।